पर्यटन मंत्रालय की बैठक में आईटीडीसी की ‘राजभाषा शब्द संगम’ पहल का विमोचन
Jul 14th, 2026 5:54 pm | By ThenewsmanofIndia.com | Category: SPECIAL NEWS COVERAGE
द न्यूज़मैन ऑफ इंडिया|नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित द अशोक होटल में पर्यटन मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री ने की। बैठक में देशभर से आए समिति के सदस्यों के साथ पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक (पर्यटन), वरिष्ठ आर्थिक सलाहकार, भारत पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) की प्रबंध निदेशक मुग्धा सिन्हा सहित मंत्रालय एवं संबद्ध संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पर्यटन क्षेत्र में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग, प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के विस्तार तथा पर्यटन से जुड़े संवाद को अधिक सहज और जनसुलभ बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। सदस्यों ने पर्यटन मंत्रालय द्वारा हिंदी के प्रोत्साहन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और राजभाषा के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को जोड़ने पर बल दिया।
इस अवसर पर भारत पर्यटन विकास निगम (आईटीडीसी) की प्रबंध निदेशक मुग्धा सिन्हा के मार्गदर्शन में तैयार की गई महत्वपूर्ण पहल ‘राजभाषा शब्द संगम’ का विमोचन भी किया गया। यह प्रयास पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े शब्दों को हिंदी में सरल और व्यवस्थित रूप से प्रस्तुत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
‘राजभाषा शब्द संगम’ के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी शब्दावली के प्रयोग में सुविधा मिलेगी तथा सरकारी कार्यों में राजभाषा के उपयोग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
आईटीडीसी लंबे समय से पर्यटन, आतिथ्य और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता आ रहा है। मुग्धा सिन्हा के नेतृत्व में निगम विभिन्न नवाचारों और पहलों के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में बेहतर सेवाओं, सांस्कृतिक संवर्धन और संस्थागत उत्कृष्टता को बढ़ावा दे रहा है।
हिंदी सलाहकार समिति की यह बैठक न केवल राजभाषा के संवर्धन का मंच बनी, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और भाषा के बीच मजबूत संबंधों को रेखांकित करने वाली पहल भी साबित हुई। ‘राजभाषा शब्द संगम’ का विमोचन पर्यटन क्षेत्र में हिंदी के बढ़ते महत्व और आत्मनिर्भर भाषा-आधारित प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।































